प्रकृति की गोद में बसा है प्रसिद्ध मंकी पॉइंट, यहां पड़े थे हनुमान जी के पांव

Monkey Point Kasauli

हिमाचल प्रदेश को देवों की भूमि कहा जाता है। लोगों का मानना है कि यहां देवताओं का वास है। अपनी प्राकृतिक खूबसूरती के लिए मशहूर हिमाचल प्रदेश का धार्मिक इतिहास काफी गौरवपूर्ण रहा है। यहां कई ऐतिहासिक और प्राचीन धार्मिक स्थल मौजूद हैं, जिनका संबंध पौराणिक काल से रहा है। आज हम आपको हिमाचल प्रदेश के एक ऐसे ही धार्मिक स्थल के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसका संबंध रामायणकाल से रहा है। हिमाचल प्रदेश के कसौली से लगभग 4 किलोमीटर की दूरी पर स्थित मंकी पॉइंट को कसौली (Monkey Point Kasauli) की सबसे ऊंची चोटी माना जाता है। यहां देश-विदेश के पर्यटक साल भर आते रहते हैं।

मंकी पॉइंट का संबंध रामायणकाल से जुड़ा हुआ है, यही कारण है कि यह धार्मिक स्थान श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। मंकी पॉइंट को लेकर मान्यता है कि जब लंका में भगवान राम और रावण के बीच युद्ध हो रहा था, उस समय मेघनाद के शक्ति बाण से भगवान लक्ष्मण मूर्छित हो गए थे। इस पर भगवान हनुमान को संजीवनी बूटी लाने के लिए हिमालय भेजा गया। भगवान हनुमान संजीवनी बूटी के बजाए पूरा हिमालय पर्वत ही उठा लाए थे। इस दौरान भगवान हनुमान का दायां पैर कसौली की इस ऊंची पहाड़ी पर टिका था, इस कारण इस पहाड़ी का आकार विशाल दायें पांव की तरह हो गया।

मंकी पॉइंट पर भगवान हनुमान को समर्पित मंदिर भी है। मंदिर के आसपास वानरों की टोलियां अठखेलियां करती दिख जाती हैं। कई बार तो वानर लोगों से प्रसाद भी छीन लेते हैं। यही कारण है कि यहां खाद्य वस्तुएं ले जाना मना है। मंदिर में सुबह-शाम पूजा होती है। मंदिर की चढ़ाई चढ़ते समय राम नाम के दोहे रास्तों पर लिखे हैं, जिन्हें पढ़ते हुए चढ़ने से लोग थकते नहीं हैं। मंकी पॉइंट पर आकर पर्यटक खुद को प्रकृति के बीच महसूस करते हैं। इस स्थान से सतलुज नदी, चंडीगढ़ और बर्फ ढकी से चूर चांदनी चोटी के दर्शन होते हैं। मंकी पॉइंट का पूरा इलाका भारतीय वायु सेना के अधीन आता है। ऐसे में यहां आने के लिए पर्यटकों को अधिकारियों से अनुमति लेनी पड़ती है।

कैसे पहुंचें Monkey Point Kasauli

कसौली से इस स्थान तक कार से या पैदल पहुंचा जा सकता है। कसौली का निकटतम हवाई अड्डा लगभग 55 किलोमीटर दूर चंडीगढ़ में है। यह हवाई अड्डा अमृतसर, दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, श्रीनगर और कोलकाता सहित कई महत्वपूर्ण शहरों से जुड़ा हुआ है। कसौली से सबसे निकटतम रेलवे स्टेशन 40 किलोमीटर दूर कालका में है। कालका रेलवे स्टेशन अमृतसर, दिल्ली, कोलकाता, चंडीगढ़, मुंबई जैसे भारत के प्रमुख शहरों से ट्रेनों से जुड़ा हुआ है। दिल्ली, सोलम, शिमला, चंडीगढ़ और अंबाला सहित अन्य प्रमुख शहरों से सड़क मार्ग द्वारा आसानी से कसौली तक पहुंचा जा सकता है।

Himachal के इन प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों के बारे में भी पढ़ें:

Web Title monkey-point-kasauli-himachal

(Tourists Destinations from The Himalayan Diary)

(For Latest Updates, Like our Twitter & Facebook Page)

Leave a Reply